राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर जनपद के जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शोक सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस भवन पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक और पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री ने कर्मचारियों के लिए जो कार्य किए, वह आज तक किसी ने नहीं किया।
रेवती ब्लॉक में भी शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक ने डॉ. मनमोहन सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेश तिवारी, ददन पाण्डेय, वीरेन्द्र कुंवर, मुन्ना दुबे, दीपक तिवारी, पंकज यादव, धुरी सिंह, शिवशंकर सैनी, राजकुमार राजभर सहित कई लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा स्वतंत्रता बलिदानी स्मारक संस्थान के बैनर तले सुखपुरा में आयोजित एक बैठक में प्रबुद्ध जनों ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। इस बैठक में विजय शंकर सिंह, उमेश कुमार सिंह, संतोष गुप्ता, अभिमन्यु चौहान, बेचन गुप्ता, राजेश सिंह आदि मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता जनार्दन उपाध्याय ने की।
0 Comments