https://www.purvanchalrajya.com/

मातृशक्ति वंदन की बेला पर, 4 अबलाओं पर 9 दबंगों की दादागिरी

 

पस्त यूपी पुलिस की दबंगों से हुयी मस्त साँठगाँठ, गृह विभाग का आदेश भी ठेंगे पर



पूर्वांचल राज्य उप संपादक ठाकुर सोनी एवं लखनऊ ब्यूरो चीफ मोहन वर्मा की रिपोर्ट

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो

 लखनऊ, बाराबंकी। 



प्रदेश में 4 विधवा अबला औरतों पर 9 दबंगों की दबंगई का जुल्म बिल्कुल फिल्मी अंदाज़ में सामने आया है।

     जुल्म की इंतहा इतनी कि घर की सभी महिलाओं की आबरू दबंगों के पास गिरवी हुयी पड़ी है। सम्मान बचाने के लिए शौचालय तक नहीं बना सकती इस स्थिति में अपने आंगन में नहाते समय दबंगों द्वारा ऊंची छत पर चढ़कर गंदी गंदी फब्तियां व छेड़छाड़ रोजाना की आम बात है।

     


 

  मामला प्रदेश के जनपद बाराबंकी के थाना टिकैतनगर क्षेत्र के बासगांव का है। यहां की रहने वाली बबिता सिंह पत्नी स्व0 बेनीमाधव सिंह, सवित्रा सिंह पत्नी स्व0 बिरजू सिंह, सीता सिंह पत्नी स्व0 भवानी सिंह व बीनू सिंह पत्नी स्व0 हरिकेश सिंह सभी की उम्र 35 से 45 वर्ष के बीच की है और सभी विधवा अबला औरतें हैं। इनके घर में एक भी बालिग पुरूष सदस्य नहीं है। 

    जबकि परिवार के पास गांव में ही एक छोटा सा घर है और भरण पोषण के लिए थोड़ी सी जमीन।    

    आपको बताते चलें कि इसी घर और जमीन के टुकड़े को कब्जाने के लिए दबंग देवबक्श सिंह व इनके नौ दबंग पुत्र बेटाराम सिंह, बब्बरी सिंह, भोला सिंह, गोदान सिंह, अजीत सिंह, भानू सिंह, शेखर सिंह, अशोक सिंह व संतोष सिंह इन सभी नौ दबंग युवकों की उम्र लगभग 25 से 40 वर्ष के बीच है। ये दबंग लोग अपनी ताकत व बाहुबल के भरोसे इन बेचारी अबलाओं के घर और जमीन को कब्जाने का लगातार कुत्सित प्रयास करते रहते हैं। जिसके लिए ये दबंग कई बार बेसहारा महिलाओं पर अनर्गल दबाव बनाने के लिए मारते पीटते हैं तो छेड़खानी करने से भी बाज नहीं आते हैं। इन्हीं दबंगों ने कुछ दिन पहले ही इनके बेटे को मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसकी थाने पर एफआईआर भी दर्ज हुयी थी। 

    



 मगर पुलिस भी इन दबंगों का साथ देती ही दिख रही है। पुलिस इन दबंगों पर लगातार मेहरबान ही बनी रही है। इसका ताजा उदाहरण अभी हाल ही में देखने को मिला जब राजधानी में शासन में बैठे गृह विभाग के आला अफसरों को प्रकरण के बारे में पता लगते ही उनके हाथ-पांव फूल गये और आनन-फानन में बाराबंकी एसपी को तत्काल प्रकरण में जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने जांच को तो आगे बढ़ा दिया मगर जांच टिकैतनगर थाने पहुंचते ही ठंडी हो गयी।

       आदिशक्ति स्वरूपा मां के नवरात्रि की पावन बेला चल रही है, योगी सरकार भी स्त्रियों के सम्मान के लिए मातृशक्ति वंदन कार्यक्रम चलाकर अबला को सबला बना रही है मगर जनपद बाराबंकी की पुलिस तो कुछ और ही करने पर उतारू दिख रही है। उसको न तो माता के वंदन के लिए नवरात्रि की बेला दिख रही है और ना ही सीएम योगी का मातृशक्ति के वंदन व सम्मान के लिए चलाया जा रहा कार्यक्रम।  उसका तो यहां सिर्फ और सिर्फ चंद रूपयों के लालच के लिए अबला का संहारक रूप ही प्रदर्शित हो रहा है।

Post a Comment

0 Comments