पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, बलिया (ब्यूरो प्रभारी राजीव शंकर चतुर्वेदी की रिपोर्ट)
बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के तिवारी गांव में मंगलवार की शाम घर से निकले युवक की बुधवार सुबह उसके गांव के ही एक बगीचे में शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सुबह तड़के जब गांव के लोग अपने खेतों की तरफ निकले तो बगीचे में तिवारी निवासी मृतक देवानंद तिवारी का शव औंधे मुंह गिरा मिला। इसी दौरान मृतक की पत्नी के साथ उसकी मां भी रोते बिलखते घटनास्थल पर पंहुच गए। सूचना पाकर एसओ बांसडीहरोड राजकपूर सिंह भी घटनास्थल पर पंहुचे और मृतक के शव का निरीक्षण कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार मृतक देवानंद लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करता था। चार दिन पहले ही वह गांव आया था। मंगलवार की दोपहर वह घर से अपने वापस जाने की टिकट कराने निकला तो शाम को घर वापस आया। घरवालों को उसने बताया कि उसे बुधवार को वापसी का टिकट मिल गया है। इसके बाद युवक घर से निकला तो पूरी रात वापस नही आया। फिर सुबह गांव के एक बगीचे में उसका शव पड़ा मिला। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रश्मि व मां श्यामसुंदरी देवी का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक की एक दस माह की पुत्री भी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने बताया कि मृत युवक के शरीर पर कोई चोट चपेट आदि के निशान नही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
0 Comments