राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद में भीषण ठंड और गलन ने आम जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। बर्फीली हवाओं ने ठंड की तीव्रता को और बढ़ा दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 17 जनवरी तक छुट्टी की घोषणा कर दी है। भीषण ठंड के कारण लोग घरों में दुबके हुए हैं और सिर्फ अत्यावश्यक कार्यों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। कृषि क्षेत्र पर भी ठंड का गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। खेतों में काम करने वाले मजदूरों और किसानों को कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पाले से फसलों को नुकसान की आशंका के चलते किसान सिंचाई के माध्यम से अपनी फसलों को बचाने में जुटे हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
0 Comments