https://www.purvanchalrajya.com/

मुख्यमंत्री योगी ने आम महोत्सव का किया शुभारंभ, बोले- अमेरिका में 900 रुपए किलो बिक रहा लखनऊ का दशहरी आम



पूर्वांचल राज्य  समाचार,लखनऊ

उपसंपादक ठाकुर सोनी व  पूर्वी उ०प्र० ब्यूरो प्रभारी फणींद्र मिश्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आयोजित आम महोत्सव 2024 का शुभारंभ शुक्रवार को किया। इस आयोजन में आम की 800 से अधिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।इस बाबत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस साल जापान और मलेशिया को 40 टन आम निर्यात करेगा। 160 वर्ष के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि लखनऊ का दशहरी आम अमेरिका को निर्यात किया जा रहा है। भारत में दशहरी का दाम 60 से 100 रुपए के बीच है लेकिन यही दशहरी जब अमेरिका के मार्केट में पहुंचा तो इसका दाम 900 रुपए किलो हो गया है। यानी अगर हम ड्यूटी टैक्स, कार्गो और एयर फेयर का दाम भी जोड़ लें तो एक किलो आम अमेरिका भेजने की लागत 250-300 रुपए तक आ रही होगी तब भी एक किसान एवं बागवान को एक किलो आम पर 600 रुपए की बचत होगी। राजधानी लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का शुभारंभ किया। 12 से 14 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों व उनके उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है।मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि पिछले 7-8 वर्षों से उत्तर प्रदेश सरकार आम महोत्सव आयोजित कर रही है। इस आयोजन में सरकार अपने प्रगतिशील किसानों और बागवानों को सम्मानित करती है। उत्तर प्रदेश के उत्पादित आम को हम न केवल देश में बल्कि दुनिया की मार्केट में पहुंच सके इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि हमारी सामान्य भाषा में जिस फल का नाम आम होता है उस फल में प्रत्येक नागरिक की पहुंच का सहज अनुमान लगाया जा सकता है, वह आम है इसलिए सबके लिए सुलभ भी है और सबके लिए सरल भी है और सबके लिए उपयोगी भी है। अतः जो आम होगा, वही राजा भी होगा और इसीलिए फलों के राजा के रूप में आम को हम सबने महत्व दिया है। इस तीन दिवसीय आम महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों के किसान, बागवान, स्टेकहोल्डर, निर्यातक भी शामिल होंगे। आम महोत्सव-2024 में लगभग 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा। आम से बने विभिन्न पकवान एवं व्यंजन प्रदर्शित किये जायेंगे। आम विविधता प्रदर्शनी में 120 से अधिक किस्मों के प्रदर्शन, आमंत्रण (क्रेता-विक्रेता बैठक), आम खाने की प्रतियोगिता, प्रशिक्षण सेमीनार विशेष आकर्षण होंगे।

Post a Comment

0 Comments