https://www.purvanchalrajya.com/

लोकसभा की तैयारी में जुटी भाजपा

 आगामी 3 नवंबर को गोरखपुर में होने वाले अनुसूचित समाज के सम्मेलन को लेकर  पार्टी ने रणनीति बनाई है




पूर्वांचल राज्य ब्यूरो,महराजगंज 

जनपद महराजगंज के लोकसभा चुनाव 2024  की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी अपने विभिन्न अभियानों और सम्मेलनों के माध्यम से लोगों के बीच पैठ बनाने में जुटी हुई है। एक तरफ जहां वह नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत महिलाओं से संपर्क करते हुए घर-घर तक पहुंचाने के अभियान में जुटी है वहीं अनुसूचित मोर्चा के नेतृत्व में आगामी 3 नवंबर को गोरखपुर में होने वाले अनुसूचित समाज के सम्मेलन को लेकर  पार्टी ने रणनीति बनाई है। भारतीय जनता पार्टी कार्यलय पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय की अध्यक्षता में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी,पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ,सदर विधायक व नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी सहित ब्लॉक प्रमुख गणो के साथ बैठक कर सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बाबत केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि  विरोधी दल के नेताओं द्वारा यह भ्रम फैलाया जाता है कि अनुसूचित समाज में भाजपा का समर्थन करने वालो की संख्या कम है जबकि सच्चाई यह है कि अनुसूचित समाज के सर्वाधिक लोग भाजपा के ही सांसद और विधायक हैं। अनुसूचित समाज के लोग पूरी तरह भाजपा के साथ हैं। उन्होंने महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए अनुसूचित समाज के लोगों से पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की योगी व केंद्र की मोदी सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर सबका साथ सबका विश्वास के आधार पर कार्य कर रही है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें राष्ट्रभक्ति व राष्ट्रहित सर्वोपरि माना जाता है। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह  ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को बराबर सम्मान और अधिकार देने का कार्य किया। योगी सरकार ने सभी वर्गों को साथ लेकर लोक कल्याण के कार्यों को पूर्ण किया।जिलाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा किअनुसूचित समाज के इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल की उपस्थिति में कार्य-योजना बनाई गई थी। इस निमित्त जिले और मंडल स्तर पर बैठकें कराई जा चुकी हैं। कार्य-योजना को अमली जामा पहनाने के लिए जिले और मंडल स्तर संयोजक और सह संयोजक बनाकर उनको जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा मंडलवार अनुसूचित बस्तियों की सूची तैयार कर यहां के समाज को सम्मेलन में लाने की व्यवस्था बनाई गई है। हर विधानसभा क्षेत्र से दो हजार संख्या लाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में  प्रमुख प्रतिनिधि इंजी विवेक गुप्ता, प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता,  प्रमुख आनंद वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश जायसवाल व जिला महामंत्री प्रदीप सिंह सहित तमाम जनप्रतिनिधि गण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments