https://www.purvanchalrajya.com/

फर्जी पत्नी बन बैंक से निकाल लिए 22 लाख के एफडीआर



पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, अंबेडकरनगर 

अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र बसखारी के अमोला बुजुर्ग में सेवानिवृत शिक्षक की मृत्यु के बाद फर्जी पत्नी बनकर 22 लाख रुपये का एफडीआर निकालकर गायब होने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर बसखारी पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कूट रचित प्रपत्र तैयार करने, जालसाजी व धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।अमोल बुजुर्ग घूरनेपुर निवासी इस्माइल शेख मुंबई में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। 2010 में सेवानिवृत होकर वह अपने गांव आकर रहने लगे। इस्माइल शेख ने सेवा पुस्तिका व पेंशन प्रपत्रों पर अपनी पत्नी अलीमुन निशां का नाम बतौर नाॅमिनी पंजीकृत करवाया था। वर्ष 2015 में अलीमुननिशां की मृत्यु हो गई थी। 9 अप्रैल 2023 को इस्माइल शेख की भी मृत्यु हो गई।इस्माइल ने बैंक ऑफ बड़ौदा की न्यौरी शाखा में 10 लाख व 12 लाख के दो एफडीआर करवाए थे। उनकी मृत्यु के पश्चात उनके पुत्र इश्तियाक शेख ने एफडीआर की घर में तलाश की लेकिन एफडीआर नहीं मिला। बीते 6 मई को इश्तियाक शेख ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाकर बैंक ऑफ बड़ौदा की न्यौरी शाखा से संपर्क किया। तब पता चला कि रिजवाना नाम की महिला ने अपने आपको इस्माइल शेख की पत्नी बताकर एफडीआर को कैश करवा लिया है।इस पर इश्तियाक शेख ने 24 अक्टूबर 2023 को रिजवाना के बारे में पता किया तो रिजवाना पहले से ही शादीशुदा थी। जिसके पति का नाम रेयाज अहमद निवासी पुरानी बस्ती वार्ड नं 23 मुबारकपुर गुजरवार आजमगढ़ है। रिजवाना ने अपने आधार कार्ड में संशोधन करवाकर वोटर आईडी बनवाकर कूटरचित तरीके से बतौर वारिस दर्ज करवा लिया था। उन्होंने महिला से संपर्क किया तो वह आधी रकम देने को तैयार थी। बाद में इश्तियाक को धमकी दी जाने लगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments